देहरादून के डोईवाला और रानीपोखरी क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब 49 वर्षीय हेड कॉन्स्टेबल की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक हेड कॉन्स्टेबल सुनील एयरपोर्ट सुरक्षा ड्यूटी में देहरादून एयरपोर्ट पर तैनात थे।
पुलिस के मुताबिक 25 मई की रात करीब 10:30 बजे थाना रानीपोखरी को सूचना मिली कि नागाघेर, रानीपोखरी स्थित आवास में हेड कॉन्स्टेबल सुनील ने अपनी सरकारी कार्बाइन से खुद को गोली मार ली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत में उन्हें हिमालयन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। शुरुआती जांच में पता चला है कि मौके पर 7 से 8 राउंड फायरिंग हुई, जिनमें से करीब तीन गोलियां हेड कॉन्स्टेबल को लगीं। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
प्रथम दृष्टया पुलिस पारिवारिक कलह को घटना का संभावित कारण मान रही है। हालांकि अभी किसी आधिकारिक निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की गई है। जांच टीम परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।