नई दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में हुए अग्निकांड मामले में गिरफ्तार उत्तराखंड निवासी केशव नेगी के समर्थन में कांग्रेस और भाजपा दोनों सामने आई हैं। कांग्रेस नेताओं ने होटल में शेफ के रूप में कार्यरत केशव नेगी की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं, वहीं भाजपा नेताओं ने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है ताकि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि मालवीय नगर में हुई अग्निकांड की घटना बेहद दुखद है, लेकिन इस मामले में की जा रही कार्रवाई कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि केशव नेगी पर आग बुझाने में योगदान न देने का आरोप लगाया जा रहा है, जबकि यह स्पष्ट होना चाहिए कि आग बुझाने की जिम्मेदारी आखिर किसकी थी। उनके अनुसार जांच का मुख्य विषय आग लगने के कारणों और सुरक्षा नियमों के संभावित उल्लंघन पर केंद्रित होना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर उचित कार्रवाई की जाए। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने आरोप लगाया कि मामले में वास्तविक जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल निचले स्तर के कर्मचारियों को आरोपी बनाना उचित नहीं है और होटल प्रबंधन की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए।
दूसरी ओर, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उन्होंने और सांसद अनिल बलूनी ने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि केशव नेगी को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और न्याय दिलाने के प्रयासों में पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोग अपनी ईमानदारी, मेहनत और संस्कारों के लिए जाने जाते हैं तथा उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी और निर्दोष को न्याय मिलेगा।