Thu. Jun 25th, 2026

जनपद चमोली में ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले एक वाहन के खिलाफ कार्रवाई की। बदरीनाथ जा रही एक निजी कार पर ‘जज’ लिखा स्टीकर लगा होने पर पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की।

पाण्डुकेश्वर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रूकम सिंह द्वारा पाण्डुकेश्वर रजिस्ट्रेशन चेकिंग बैरियर के पास वाहन की जांच की गई। बताया गया कि चालक अन्य वाहनों की लंबी कतार को नजरअंदाज करते हुए गलत दिशा से आगे निकलने का प्रयास कर रहा था। वाहन पर ‘जज’ लिखा स्टीकर भी लगा हुआ था।

इस दौरान पीछे चल रहे कुछ अन्य वाहन चालकों ने भी संबंधित वाहन चालक की तेज और लापरवाह ड्राइविंग की शिकायत पुलिस से की। पूछताछ में चालक अभय सिंह, निवासी गोला लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश), ने बताया कि वाहन उसके मित्र का है और उसके मित्र का भाई लखनऊ की अदालत में कार्यरत है।

जांच आगे बढ़ने पर पता चला कि वाहन पर लगाया गया ‘जज’ स्टीकर किसी आधिकारिक पहचान के लिए नहीं था। चालक ने स्वीकार किया कि स्टीकर टोल प्लाजा पर सुविधा पाने और प्रभाव जमाने के उद्देश्य से लगाया गया था।

इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही वाहन से स्टीकर हटवाया और मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की। साथ ही भविष्य में इस प्रकार के भ्रामक और अनधिकृत स्टीकर का उपयोग न करने की सख्त चेतावनी भी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *