Fri. May 15th, 2026

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया गया है। लंबे समय से चल रही चर्चाओं के बाद आखिरकार पांच नए मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किया गया। इनमें राजपुर के विधायक खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह केड़ा को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।

शुक्रवार को नवरात्र के दूसरे दिन लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने सबसे पहले खजान दास को शपथ दिलाई। इसके बाद भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में शपथ ग्रहण किया। फिर क्रमशः मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह केड़ा ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

कैबिनेट में पहले से पांच पद खाली थे, जिन्हें अब भर दिया गया है। नए मंत्रियों के चयन में विधायकों के पिछले चार वर्षों के कार्यों को ध्यान में रखा गया। साथ ही, मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन बनाए रखने का भी प्रयास किया गया।