उत्तराखंड में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में सुबह बर्फबारी हुई, जिससे एक बार फिर ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग ने पहले ही इस बदलाव के संकेत दिए थे।
पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी के चलते पूरा इलाका सफेद चादर से ढक गया है और ठंड का असर भी तेज हो गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ के बीच प्राकृतिक दृश्य बेहद आकर्षक नजर आ रहे हैं। वहीं मैदानी और मध्य ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का दौर देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना है, जबकि 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रह सकती है। हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में भी तेज हवाओं के साथ मौसम खराब होने की आशंका है। लोगों को सतर्क रहने और बेवजह यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।