उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। बदरीनाथ धाम में करीब दो फीट तक बर्फ जम चुकी है और लगातार बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों के कई हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी है। साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मैदानी इलाकों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है, जहां तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान आने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में तेज बारिश, बर्फबारी और तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों के लिए भी बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट घोषित किया गया है। अनुमान है कि 25 मार्च तक प्रदेश में मौसम की स्थिति इसी तरह बनी रह सकती है।