Sat. Nov 28th, 2026

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं को जाम से राहत दिलाने के लिए प्रस्तावित पॉड टैक्सी परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। नई योजना के तहत शहर में लगभग 21.08 किलोमीटर लंबा ट्रैक बनाया जाएगा। इस पर कुल 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं।

परियोजना के तहत तीन प्रमुख कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे। पहला कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर लंबा होगा, जिसमें 15 स्टेशन बनाए जाएंगे। दूसरा कॉरिडोर सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर का होगा और इसमें चार स्टेशन होंगे। तीसरा कॉरिडोर गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक 2.40 किलोमीटर लंबा होगा, जिसमें दो स्टेशन प्रस्तावित हैं।

इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 3,028 करोड़ रुपये है। इसे पीपीपी मॉडल पर विकसित करने की योजना है।

पहले प्रस्तावित रूट को लेकर स्थानीय व्यापारियों और धार्मिक संगठनों ने आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि मुख्य बाजारों और धार्मिक क्षेत्रों में एलिवेटेड ट्रैक बनने से व्यापार और यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके बाद रूट में बदलाव किया गया है।

पॉड टैक्सी परियोजना पूरी होने पर रेलवे स्टेशन, धार्मिक स्थलों और शहर के प्रमुख इलाकों के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है। हालांकि निर्माण और संचालन की समयसीमा अभी स्पष्ट होनी बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *