ऋषिकेश। देवभूमि उत्तराखंड की पहचान गंगा और यहां की प्राकृतिक सुंदरता से जुड़ी है, लेकिन नदियों और पर्यटन स्थलों पर फैलता कचरा एक गंभीर चुनौती बना हुआ है। इसी बीच टिहरी जिले के शिवपुरी क्षेत्र से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों का ध्यान गंगा तटों की स्वच्छता की ओर खींचा है।
वीडियो में विदेश से ऋषिकेश घूमने पहुंची कुछ पर्यटक महिलाएं गंगा किनारे फैले प्लास्टिक और अन्य कचरे को अपने हाथों से एकत्र करती दिखाई दे रही हैं। महिलाओं ने हाथों में दस्ताने पहन रखे हैं और कचरे को बैग में भरकर तट को साफ करने का प्रयास किया।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है। कई लोगों ने पर्यटकों की इस पहल की सराहना की है, वहीं कुछ लोगों ने सवाल उठाया है कि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को गंगा तटों की सफाई क्यों करनी पड़ रही है।
गंगा किनारे पर्यटन गतिविधियां बढ़ने के साथ प्लास्टिक, खाद्य पदार्थों के पैकेट और अन्य कचरे की समस्या भी सामने आती रही है। ऐसे में केवल सरकारी सफाई अभियानों पर निर्भर रहने के बजाय स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भागीदारी भी जरूरी है।
विदेशी महिलाओं की यह पहल एक संदेश देती है कि प्राकृतिक धरोहर को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति का कर्तव्य है जो इन स्थानों पर पहुंचता है।






