हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर आस्था का विशाल जनसैलाब देखने को मिला। मंगलवार को हरकी पैड़ी सहित शहर के अलग-अलग गंगा घाटों पर कुल 38.90 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में पवित्र डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते शहर के प्रमुख मार्गों और हाईवे पर दिनभर यातायात का दबाव बना रहा।
सुबह तड़के से ही हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप, सुभाष घाट, राम घाट और अन्य प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। लोगों ने गंगा स्नान के बाद मंदिरों में पूजा-अर्चना की और दीपदान किया। पर्व की पूर्व संध्या पर हरकी पैड़ी पर 21 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी और लेजर लाइट शो ने घाटों की छटा को खास बना दिया।
श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ ही रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और हरिद्वार-दिल्ली-रुड़की हाईवे पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया। प्रशासन और पुलिस की टीमों ने भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए।
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान को धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व दिया जाता है। इसी मान्यता के चलते हर साल देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं। इस बार श्रद्धालुओं की संख्या 38.90 लाख तक पहुंचना आयोजन के बड़े स्तर को दर्शाता है।






