Dehradun Triple Murder: देहरादून की विष्णुलोक कॉलोनी में हुए तिहरे हत्याकांड की जांच में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कई अहम तथ्य सामने आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, तीनों मृतकों के शरीर पर पेचकस से करीब 30 वार किए गए थे। कई चोटें काफी गहरी थीं। इनमें सबसे अधिक चोटें बुजुर्ग रमेश कपूर के शरीर पर पाई गईं।
बुधवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। जांच के दौरान शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर गहरे घाव मिले। पुलिस के मुताबिक, तीनों में किसी के शरीर पर करीब आठ तो किसी पर 10 से 12 तक वार किए गए थे। बुजुर्ग रमेश कपूर के शरीर पर हमलों की संख्या सबसे ज्यादा बताई गई है।
300 रुपये के विवाद से शुरू हुआ मामला
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या की वजह मजदूरी के 300 रुपये को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपित ने पहले बुजुर्ग दंपती पर हमला किया।
चीख-पुकार सुनकर पड़ोस से घरेलू सहायिका तिलया देवी उर्फ शीला मौके पर पहुंची। आरोप है कि इसके बाद उसे भी निशाना बनाया गया। घटना में तीन लोगों की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई चोटों से वारदात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस अब आरोपित के बयानों के साथ घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों को भी जांच का हिस्सा बना रही है।

