Thu. Oct 8th, 2026

Uttarakhand Weather 08 October 2026: उत्तराखंड में मानसून की विदाई के बाद भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में जहां ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हो रही है, वहीं कई मैदानी और निचले क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने आज 8 अक्टूबर को देहरादून, नैनीताल समेत 9 जिलों में आंधी, बिजली चमकने और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चल सकती हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना

मौसम विभाग ने 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, निचले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश और बर्फबारी के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

आने वाले दिनों में भी मौसम का असर बना रह सकता है। 9 अक्टूबर को देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे इन क्षेत्रों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

नैनीताल और हल्द्वानी में बदला मौसम का मिजाज

नैनीताल जिले में आज गरज-चमक के साथ तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम खराब होने की स्थिति में लोगों को अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

इससे पहले 7 अक्टूबर की शाम हल्द्वानी और आसपास के तराई-भाबर इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश हुई। अचानक बदले मौसम से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

हेमकुंड साहिब समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है। कपाट बंद होने से पहले ही यहां बर्फ की मोटी परत जमने लगी है। मौसम के बदले मिजाज का असर आने वाले दिनों में भी पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *