शहर के पॉश इलाके राजपुर रोड पर एक कार चालक पर हमला हुआ। हमलावरों ने चलती कार पर तीन गोलियां चलाईं। गनीमत रही कि चालक को गोली नहीं लगी, एक गोली पास से निकल गई।
शहर में एक हफ्ते के अंदर सरेआम फायरिंग की यह दूसरी घटना है, जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। राजपुर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने बताया कि घटना 21 सितंबर की रात की है।
पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद बुधवार रात मामला दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार, मुजफ्फरनगर निवासी अमन चौधरी सिनौला स्थित अपने दोस्त के फ्लैट से लौटकर मालसी की ओर जा रहा था।
रात 2:15 बजे मालसी रोड पर एक सफेद रंग की कार ने उसकी कार को ओवरटेक किया और उसे रोकने की कोशिश की। वाटिका सोसाइटी के पास एक युवक कार से उतरा और उसने फायरिंग कर दी। एक गोली उसके चेहरे के पास से गुज़री और कार का शीशा तोड़ दिया।
जान बचाने के लिए अमन ने तुरंत अपनी कार तेज़ कर दी। इसी बीच पीछे से दो और गोलियाँ उसकी कार में लगीं। अमन किसी तरह बचकर भागा और अपने भाई आशीष को घटना की जानकारी दी। अमन चौधरी ने राजपुर थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।