रानीखेत स्थित कुमाऊं एवं नागा रेजिमेंट सेंटर (केआरसी) में भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती रैली और केंद्रीय एवं जोनल श्रेणी की भर्ती की तैयारियां तेज हो गई हैं। यह भर्ती रैली 27 जुलाई से 9 अगस्त तक ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान में आयोजित होगी।
भर्ती रैली के पहले दिन 27 जुलाई को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थी धार्मिक शिक्षक (जेसीओ) और शिक्षा हवलदार पदों के लिए भाग लेंगे।
28 जुलाई को सोल्जर टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) तथा 29 जुलाई को सोल्जर टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) और सेपोय फार्मा पदों के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के युवा दौड़ में हिस्सा लेंगे।
30 जुलाई से अग्निवीर भर्ती
30 जुलाई से 6 अगस्त तक आयोजित होने वाली अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन भर्ती में केवल अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर के अभ्यर्थी शामिल होंगे। पूरी भर्ती प्रक्रिया 9 अगस्त तक चलेगी।
प्रशासन और सेना ने की तैयारियों की समीक्षा
भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर प्रशासन और सेना के अधिकारियों ने बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए कैंट क्षेत्र, विभिन्न विद्यालयों, धर्मशालाओं और सभागारों में व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही होटल और रेस्टोरेंट में भोजन की दर सूची प्रदर्शित करने को भी कहा गया है।
भर्ती कार्यालय के अनुसार अभ्यर्थियों का सैन्य परिसर में प्रवेश सुबह 3:30 बजे से शुरू होगा, जबकि सुबह 6:00 बजे के बाद प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
अग्निवीर भर्ती का कार्यक्रम
- 30 जुलाई: बागेश्वर
- 31 जुलाई: बागेश्वर एवं नैनीताल
- 1 अगस्त: नैनीताल
- 2 अगस्त: नैनीताल एवं ऊधम सिंह नगर
- 3 अगस्त: ऊधम सिंह नगर एवं अल्मोड़ा
- 4–5 अगस्त: अल्मोड़ा
- 6 अगस्त: चारों जिलों के लिए अग्निवीर टेक्निकल एवं ट्रेड्समैन
17 से 28 अगस्त तक यूनिट कोटा भर्ती
केआरसी एवं नागा रेजिमेंट सेंटर में 17 से 28 अगस्त तक यूनिट कोटा भर्ती रैली भी आयोजित होगी।
- 17 अगस्त: उत्तराखंड के सभी जिलों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी
- 18 अगस्त: शारीरिक दक्षता परीक्षा
- 19 अगस्त: उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ तथा पूर्वोत्तर राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी
- 20 अगस्त: शारीरिक दक्षता परीक्षा
- 21 अगस्त: अग्निवीर ट्रेड्समैन
- 22 अगस्त: शारीरिक दक्षता परीक्षा
- 23 अगस्त: विशिष्ट खिलाड़ियों के लिए भर्ती
- 24 अगस्त: खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा
भर्ती अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि केवल वही अभ्यर्थी भर्ती रैली में शामिल हो सकेंगे जिनके पास भर्ती अधिसूचना में निर्धारित सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होंगे।