Sat. Aug 29th, 2026

भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया है. टीम इंडिया लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है. पहली बार किसी देश ने अपने घर पर आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप जीता है. भारत ने रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप जीता है. फाइनल मैच की बात करें तो टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड तो 96 रनों से शिकस्त दी. 

खिताबी मैच में भारतीय टीम ने पहले खेलने के बाद 255 रन बनाए थे. जवाब में कीवी टीम 158 रन ही बना सकी. भारत के लिए संजू सैमसन ने 89 रनों की शानदार पारी खेली. अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने भी अर्धशतक जड़े. गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट झटके. उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 15 रन दिए. वहीं अक्षर पटेल को 3 विकेट मिली.

अब तक वेस्टइंडीज और इंग्लैंड भी 2-2 बार टी20 वर्ल्ड चैंपियन बने हैं, लेकिन टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी को 3 बार जीतने वाला भारत पहला देश बन गया है. टीम इंडिया ने 2007, 2024 और अब 2026 का खिताब जीता है. इससे पहले कोई भी टीम लगातार 2 बार टी20 फॉर्मेट का वर्ल्ड कप नहीं जीत पाई थी. भारत इस उपलब्धि को हासिल करने वाला भी पहला देश बना है.

बनाया फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर

भारतीय टीम टॉस हारने के बाद पहले बैटिंग करने आई थी. संजू सैमसन, ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने तूफानी अंदाज में अर्धशतक लगाया. संजू सैमसन ने 46 गेंद में 89 रनों की पारी खेली. उन्होंने 5 चौके और 8 छक्के जड़े. अभिषेक शर्मा ने 21 गेंद में 52 रन जड़े. वहीं ईशान किशन ने भी 54 रनों की पारी खेली. गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने कमाल कर दिया. बुमराह ने 4 ओवर में सिर्फ 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए. इसके अलावा अक्षर पटेल को भी 3 विकेट मिले.