Sun. Apr 20th, 2025

देहरादून, मुख्य संवाददाता। उत्तराखंड में अंत्योदय परिवारों को साल में तीन मुफ्त गैस सिलेंडर दिए जाने की योजना को वर्ष 2027 तक बढ़ा दिया गया है। वित्त विभाग ने इस संबंध में खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

वर्ष 2022-23 में अंत्योदय परिवारों के कल्याण के लिए राज्य में साल में तीन गैस सिलेंडर मुफ्त रिफिल की योजना शुरू की गई थी। इस साल मार्च में योजना समाप्त होने के बाद खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग ने इसे बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया था। इस प्रस्ताव को अब वित्त विभाग ने मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद पात्र परिवारों को एक बार फिर योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

राज्य में 1.84 लाख अंत्योदय परिवार हैं। इन्हें तीन मुफ्त सिलेंडर का लाभ देने पर सालाना करीब 55 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

सीएम ने कहा- अंत्योदय की भावना के अनुरूप काम करें इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी सरकार अंत्योदय की भावना के अनुरूप काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हम लगातार महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री मुफ्त सिलेंडर योजना को 2027 तक बढ़ाया जा रहा है। इस योजना के तहत अंत्योदय राशन कार्ड धारकों को तीन बार गैस सिलेंडर मुफ्त में भरने की सुविधा दी जाती है।