फिल्म ‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता के बाद अब इसके अधिकारों को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। फिल्म के निर्माताओं ने एक आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि फिल्म से जुड़े अधिकारों और व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर कोई भी व्यक्ति अपनी मर्जी से फैसला नहीं ले सकता।
निर्माताओं के मुताबिक, फिल्म के थिएटर, ओटीटी, टेलीविजन, म्यूजिक, गेमिंग और लाइसेंसिंग से जुड़े सभी अधिकार आपसी समझौतों के तहत संचालित होंगे। इन अधिकारों को लेकर किसी भी तरह का फैसला निर्धारित प्रक्रिया और सभी जरूरी मंजूरियों के बाद ही लिया जा सकेगा।
फिल्म के आधिकारिक निर्माताओं में नम्रता जी सिंह, डॉ. विशाल चतुर्वेदी, रागिनी सोना और अनुप्रिया नगर शामिल हैं। बयान में बताया गया है कि नम्रता जी सिंह और डॉ. विशाल चतुर्वेदी को कंपनी के कार्यकारी निदेशक के रूप में अधिकृत किया गया है। वे फिल्म के प्रचार, मार्केटिंग, जनसंपर्क और रणनीतिक साझेदारियों से जुड़े कामकाज का समन्वय करेंगे।
निर्माताओं ने फिल्म की कास्ट और क्रू को भी निर्देश दिया है कि फिल्म से संबंधित किसी इंटरव्यू, पॉडकास्ट, यूट्यूब शो या सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होने से पहले अधिकृत टीम से अनुमति और पुष्टि जरूर लें।
मेकर्स ने फिल्म के नाम, क्रेडिट और बौद्धिक संपदा के अनधिकृत इस्तेमाल को लेकर भी चेतावनी दी है। उनका कहना है कि फिल्म से जुड़े अधिकारों का इस्तेमाल तय समझौतों और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार ही होना चाहिए। नियमों का उल्लंघन होने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
गौरतलब है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने भारत में करीब 342 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि दुनियाभर में इसकी कमाई लगभग 452 करोड़ रुपये बताई गई है।
फिल्म की सफलता के बाद अब इसके अधिकारों और भविष्य की योजनाओं को लेकर निर्माताओं का यह बयान काफी अहम माना जा रहा है।

