Tue. Oct 6th, 2026

चमोली। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में हुई ताजा बर्फबारी के बाद माणा पास का देवताल पूरी तरह बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। भारी बर्फ जमा होने के कारण देवताल तक पहुंचने वाला रास्ता फिलहाल बंद है। मार्ग पर कई जगह बर्फ की मोटी परत जमने से आवाजाही प्रभावित हुई है।

देवताल जाने वाले रास्ते को खोलने के लिए सीमा सड़क संगठन की मशीनें लगातार बर्फ हटाने में जुटी हैं। बर्फ अधिक होने के कारण लोगों को रास्ते से ही वापस लौटना पड़ रहा है। मार्ग पूरी तरह साफ होने के बाद ही देवताल तक आवाजाही सामान्य हो सकेगी।

बर्फबारी के बाद माणा पास और इसके आसपास का पूरा इलाका बेहद खूबसूरत नजर आ रहा है। पहाड़ों से लेकर रास्तों तक हर तरफ बर्फ की सफेद चादर दिखाई दे रही है। देवताल का बर्फ से ढका नजारा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

प्रशासन के अनुसार मार्ग से बर्फ हटाने का काम जारी है और जल्द ही देवताल तक आवाजाही शुरू होने की उम्मीद है।

आगे भी बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का असर अभी जारी रहने की संभावना है। छह से 11 अक्तूबर के बीच कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

छह से आठ अक्तूबर के बीच 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी होने की संभावना है। इसके बाद नौ से 11 अक्तूबर के बीच करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी के आसार हैं।

लगातार बर्फबारी की स्थिति में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आवाजाही और बढ़ सकती है, ऐसे में मार्गों को खोलने के लिए बर्फ हटाने का काम महत्वपूर्ण रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *