Thu. Sep 19th, 2024

उत्तराखंड के बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक टेंपो ट्रैवलर सड़क से फिसलकर अलकनंदा नदी में गिर गया। इस भीषण हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक टेंपो ट्रैवलर में 26 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल 7 लोगों को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जबकि 9 लोग रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल में भर्ती हैं।

रुद्रप्रयाग आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि टेंपो ट्रैवलर दिल्ली से आ रहा था, यात्री बद्रीनाथ जा रहे थे। इस वाहन में 26 लोग सवार थे, 16 लोगों को बचा लिया गया है। उन्होंने बताया कि नदी में भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, बताया जा रहा है कि एक लड़का नदी में कूद गया था, उसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। नंदन सिंह रजवार ने बताया कि कुछ के सिर में गंभीर चोटें आई हैं तो कुछ के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

नंदन सिंह रजवार ने बताया कि हादसा शनिवार सुबह करीब 11 बजे रैतोली गांव के पास हुआ। उन्होंने बताया कि टेंपो में चालक दल के तीन सदस्यों समेत 23 लोग सवार थे। वाहन सड़क से फिसलकर करीब 250 मीटर नीचे अलकनंदा नदी में जा गिरा। उन्होंने बताया कि 16 लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताया और अधिकारियों को घायलों को जरूरी उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि स्थानीय प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई है। घायलों को नजदीकी चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायलों को हवाई मार्ग से एम्स ऋषिकेश भेजा जा रहा है।