देहरादून: रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई) चंडीगढ़ ने अगले 24 घंटे में उत्तराखंड के तीन जिलों में हिमस्खलन को लेकर अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में उत्तराखंड के तीन जिलों में 2950 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र में हिमस्खलन की आशंका है।
उत्तराखंड के 3 जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी
रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान चंडीगढ़ की ओर से जारी चेतावनी के अनुसार अगले 24 घंटे उत्तराखंड के तीन जिलों के लिए भारी हैं। अगले 24 घंटे में उत्तराखंड के चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में 2950 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्र में हिमस्खलन हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वानुमान जताया था कि आठ मार्च तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।
भूस्खलन और हिमस्खलन की समस्या
कुछ दिन पहले बदरीनाथ धाम के माणा में हुए हिमस्खलन के बाद विभाग सतर्क हो गया है। माणा में अचानक हुए हिमस्खलन की चपेट में बीआरओ के 54 मजदूर आ गए थे। इनमें से 46 मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि आठ की मौत हो गई। मजदूरों को निकालने के लिए तीन दिन तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। इन दिनों प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और हिमस्खलन की समस्या बढ़ गई है। ऐसे में एक बार फिर रक्षा भूसूचना विज्ञान अनुसंधान संस्थान चंडीगढ़ ने उत्तराखंड के तीन जिलों में हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया है। वहीं, मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों के निवासियों से सतर्क रहने की अपील की है।