देहरादून, 18 नवंबर 2026। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने टिहरी जिले में अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। बुधवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जौनपुर की ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार समेत कई जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार भी मौजूद रहे। उनके नेतृत्व में पहुंचे जनप्रतिनिधियों का पार्टी में स्वागत किया गया।
भाजपा में शामिल होने वालों में कनिष्ठ प्रमुख मंजू पंवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य सोमवती सकलानी, दीक्षा नेगी, पुराण सिंह, जसवंत पुंडीर, सुमित्रा देवी, संगीता वर्मा और लक्ष्मी नौटियाल सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहे। इसके अलावा विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधानों ने भी भाजपा की सदस्यता ली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का लगातार जुड़ना संगठन के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने और 65 पार के लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया।
वहीं, पार्टी में शामिल हुए जनप्रतिनिधियों ने संगठन को मजबूत करने और क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर काम करने की बात कही।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश मंत्री नलिन भट्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

