चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में बुधवार सुबह भूकंप के दो झटकों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। करीब 31 मिनट के अंतराल में आए इन दोनों झटकों की तीव्रता अलग-अलग रही। पहले झटके की तीव्रता 4.1 और दूसरे की 2.8 रिकॉर्ड की गई।
भूकंप विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 10 बजकर 21 मिनट पर चमोली में पहला भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र गोपेश्वर से लगभग 14 किलोमीटर की दूरी पर था। भूकंप का केंद्र जमीन के भीतर करीब 10 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है।
इसके बाद सुबह 10 बजकर 52 मिनट पर एक बार फिर भूकंप आया। दूसरे झटके की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 2.8 रही। इसकी गहराई जमीन से लगभग 5 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।
हिमालयी क्षेत्र में लगातार महसूस होती हैं भूगर्भीय हलचलें
चमोली सहित उत्तराखंड के कई जिले भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील हिमालयी क्षेत्र में स्थित हैं। इस क्षेत्र में भूगर्भीय प्लेटों की हलचल के चलते समय-समय पर भूकंप आते रहते हैं। ऐसे में एक ही सुबह दो झटके महसूस होना स्थानीय स्तर पर चिंता का विषय बना हुआ है।
हालांकि, शुरुआती जानकारी के अनुसार इन झटकों से किसी तरह के बड़े नुकसान या जनहानि की खबर नहीं है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

