कोटद्वार। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। कोटद्वार क्षेत्र के चरेख गांव में दो भालुओं के हमले में 52 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को चरेख गांव निवासी अंजना देवी (52) पत्नी बनवीर सिंह नेगी गांव की अन्य महिलाओं के साथ घास काटने गई थीं। गांव से करीब 200 मीटर दूर अचानक दो भालू वहां पहुंच गए और उन्होंने अंजना देवी पर हमला कर दिया।
भालुओं के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने महिला को तत्काल उपचार के लिए कोटद्वार अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम संदीप कुमार और वन विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे। वहीं, इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बढ़ती मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। जंगलों के आसपास रहने वाले लोगों को घास और चारा लेने जैसे रोजमर्रा के कामों के लिए भी जान जोखिम में डालनी पड़ रही है।

