हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में बिजली बिल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मटर गली स्थित एक लस्सी की दुकान का महज एक महीने का बिजली बिल 65 लाख 40 हजार रुपये आने से व्यापारी परिवार के होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि दुकान में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद यह भारी-भरकम बिल सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, मटर गली में जसवीर सिंह ‘जस्सी दी लस्सी’ के नाम से दुकान संचालित करते हैं। उनके बेटे जसपाल सिंह ने इस मामले की जानकारी स्थानीय व्यापारी एसोसिएशन को दी।
स्मार्ट मीटर लगने के बाद आया 65.40 लाख का बिल
जसपाल सिंह के मुताबिक, उनका परिवार अब तक बिजली के सभी बिलों का भुगतान नियमित रूप से करता रहा है। इसके बावजूद स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद करीब एक महीने का बिजली बिल 65.40 लाख रुपये पहुंच गया। इतनी बड़ी रकम देखकर परिवार काफी परेशान है।
परिवार ने विद्युत विभाग से बिल की तत्काल जांच कराने और संभावित गड़बड़ी को ठीक कर संशोधित बिल जारी करने की मांग की है।
व्यापारी एसोसिएशन ने अधिकारियों से की शिकायत
मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय व्यापारी एसोसिएशन ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया। हालांकि, शुरुआती स्तर पर संपर्क नहीं हो सका।
इसके बाद एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विभाग के महाप्रबंधक, एसडीओ और कनिष्ठ अभियंता सहित अन्य अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।
स्मार्ट मीटर की जांच कराने की मांग
व्यापारी एसोसिएशन ने स्मार्ट मीटर की उच्चस्तरीय जांच कराने और बिजली बिल में हुई संभावित गड़बड़ी को दूर करने की मांग उठाई है। एसोसिएशन का कहना है कि बिजली की वास्तविक खपत की जांच कर उपभोक्ता को सही बिल उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
फिलहाल मामले में बिजली बिल इतना अधिक आने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है। अब विद्युत विभाग की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

