हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में व्यापारियों का उत्पीड़न किया जाता था और कांग्रेस की मानसिकता आज भी नहीं बदली है। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों और कारोबारियों को कठघरे में खड़ा करना तथा उन्हें चोर या देश का दुश्मन बताना इसी सोच को दर्शाता है।
हल्द्वानी स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के व्यापारी सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं।
व्यापारियों के हितों को लेकर सरकार प्रतिबद्ध: धामी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि व्यापारियों को अलग-अलग करों की जटिलताओं से राहत देने के उद्देश्य से वर्ष 2017 में लागू वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) का भी विरोध किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने व्यापारियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों को देश के विकास में भागीदार मानती है। विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में व्यापारी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को ‘ब्रांड इंडिया’ का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि सरकार की नीति व्यापारियों को परेशान करने की नहीं, बल्कि उन्हें प्रोत्साहित करने की है।
सीएम धामी ने बताया कि राज्य में निवेश और कारोबार को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है। उन्होंने मंडी शुल्क से जुड़ी समस्याओं का परीक्षण कराकर समाधान निकालने का भरोसा भी दिया। साथ ही कहा कि जीएसटी के नाम पर किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए।
व्यापारियों के लिए मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने व्यापारी सम्मेलन के दौरान व्यापारियों और कारोबार से जुड़े लोगों के हित में कई घोषणाएं कीं।
- आपदा प्रभावित व्यापारियों को राहत: प्राकृतिक या अन्य आपदाओं से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार उचित राहत दिलाने के लिए कार्रवाई की जाएगी।
- उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन: राज्य और जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का दोबारा गठन किया जाएगा और उनकी नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी।
- दुर्घटना बीमा का प्रचार: जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के लिए उपलब्ध दुर्घटना बीमा योजना की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
- पर्यटन पंजीकरण प्रक्रिया होगी सरल: पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा।
- श्रमिकों को योजनाओं का लाभ: व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, कारोबार को प्रोत्साहन देने और राज्य में निवेश के अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

